I) निम्नलिखित गद्य-खंडों को पढ़कर उसके नीचे दिए गए प्रश्नों के उत्तर लिखिए:-
1) राजकिशोर: क्यों डॉक्टर! ठीक हो जाएगा न ?
डॉक्टर: (गंभीर) पंडितजी ! ऐसा लगता है कि पैर की हड्डी टूट गई है। स्क्रीन करके देखना होगा। दूसरा पैर ठीक है, पर इसे अभी अस्पताल ले जाना चाहिए।
भीखू: मैंने तो तभी कहा था हजूर ! पर…
राजकिशोर: तो क्या हुआ अभी ले चलो। मैं एम्बुलेंस के लिए फोन कर आता हूँ।
(i) उपरोक्त गद्य-खंड किस पाठ से लिया गया है?
उ: उपरोक्त गद्य-खंड ‘ ईमानदार लड़का ‘ इस पाठ से लिया गया है।
(ii) इस पाठ के लेखक कौन है?
उ: इस पाठ के लेखक ‘ विष्णु प्रभाकर ‘ है।
(iii) बसंत के जाँच के उपरांत डॉक्टर ने क्या बताया?
उ: बसंत के जाँच के उपरांत डॉक्टर ने कहा कि शायद पैर की हड्डी टूट गई है।
(iv) पं० राजकिशोर बसंत को अस्पताल कैसे ले जाएंगे?
उ: पं० राजकिशोर बसंत को अस्पताल एम्बुलेंस में ले जाएंगे।
2) भीखू अहिर: मैं कहता हूँ तू देखकर नहीं चलता। आजकल के छोकरे हवा में उड़ते हैं। इतना बड़ा बाजार है। मोटर, ताँगे, साइकिल सभी कुछ हैं। कहते-कहते थक गया। जरा आँख खोलकर चला करो। पर साहब बनने को जी करता है। भागोगे, लो अब भागने का मज़ा !
(i) उपरोक्त गद्य-खंड किस पाठ से लिया गया है?
उ: उपरोक्त गद्य-खंड ‘ ईमानदार लड़का ‘ पाठ से लिया गया है।
(ii) इस पाठ के लेखक का नाम क्या है?
उ: इस पाठ के लेखक का नाम ‘ विष्णु प्रभाकर ‘ है।
(iii) भीखू अहीर के अनुसार आजकल के लड़के कैसे चलते हैं?
उ: भीखू अहीर के अनुसार आजकल के लड़के चलते नहीं हवा में उड़ते हैं।
(iv) भीखू अहिर क्या सलाह देता रहता है?
उ: भीखू अहिर आँख खोलकर चलने की सलाह देता रहता है।
II) प्रश्नों के उत्तर लिखो।
1) एकांकी के अनुसार बसंत के बारे में कुछ पंक्तियाँ लिखो?
उ: बसंत की आयु 12 वर्ष की है। वह एक गरीब, अनाथ, मेहनती, स्वावलंबी और स्वाभिमानी लड़का है। अपना और अपने भाई का पेट भरने वह बटन, दियासलाई, छलनी जैसी चीजें बेचता है।
2) पं० राजकिशोर कौन थे?
उ: पं० राजकिशोर मजदूर नेता थे।
3) छलनी की क्या कीमत थी?
उ: छलनी की कीमत दो आना थी।
4) बसंत छलनी कितने पैसे में देने तैयार हो गया?
उ: बसंत छलनी छ: पैसों में देने तैयार हो गया।
5) पं० राजकिशोर ने बसंत को भुनाने के लिए कितने पैसे दिए?
उ: पं० राजकिशोर ने बसंत को भुनाने के लिए एक रुपए का नोट दिया।
6) कृष्णाकुमार ने विश्वास से क्यों कहा कि लड़का जो नोट भुनाने गया है वह नहीं आएगा?
उ: कृष्णकुमार के अनुसार भोले-भाले दिखनेवाले लड़के गिड़गिड़ाकर लोगों को ठगते हैं इसलिए उन्हें विश्वास था कि नोट भुनाने गया हुआ लड़का वापस नहीं आएगा।
7) बसंत के छोटे भाई का नाम क्या है?
उ: बसंत के छोटे भाई का नाम प्रताप है।
8) मोटर दुर्घटना में बसंत को कहाँ चोट लगी थी?
उ: मोटर दुर्घटना में बसंत के दोनों पैर कुचले गए थे।
9) प्रताप कितने पैसे पं० राजकिशोर को लौटाने आया था?
उ: प्रताप पं० राजकिशोर को साढ़े चौदह आने लौटाने आया था।
10) दोनों भाई कहाँ रहते थे?
उ: दोनों भाई भीखू अहिर के घर अहीर टोले में रहते थे।
11) पं० राजकिशोर किसे, कौन से डॉक्टर को लाने के लिए कहा?
उ: पं० राजकिशोर ने अमरसिंह को डॉ शर्मा को लाने के लिए कहा।
12) बसंत ने माँ-बाप की मृत्यु कैसे हुई?
उ: बसंत के माँ-बाप की मृत्यु दंगों के दिनों में हुई थी।
13) बसंत और प्रताप भीखू अहीर के घर क्यों रहते थे?
उ: बसंत के माता-पिता दंगे में मारे गए थे इसलिए भीखू ने दोनों अनाथ भाईयों को अपने घर में आश्रय दिया था।
14) भीखू के विचार में आजकल के लड़के कैसे होते हैं?
उ: भीखू के विचार में आजकल के लड़के हवा में उड़ते हैं।
15) पं० राजकिशोर के अनुसार बसंत में कौनसा दुर्लभ गुण था?
उ: पं० राजकिशोर के अनुसार बसंत में ईमानदारी का दुर्लभ गुण था।
भाषा–अध्ययन:-
क) निम्नलिखित शब्दों के भाववाचक संज्ञाएँ बनाइए:-
1) सावधान – सावधानी 2) समर्थ – सामर्थ्य, समर्थता 3) करुण – करुणा
4) वीर – वीरता 5 ) बेचैन – बेचैनी 6) हँसना – हँसी
7) बीमार – बीमारी 8) लड़ना – लड़ाई 9) उड़ना – उड़ान
10) समझना – समझदारी 11) चलना – चाल 12) भूलना – भूल
अतिरिक्त भाववाचक संज्ञाएँ :-
कृतज्ञ – कृतज्ञता उत्सुक – उत्सुकता नेता – नेतागिरी, नेतृत्व
ईमानदार – ईमानदारी ठगना – ठगी भला – भलाई
ताज़ा – ताज़गी बलिदानी – बलिदान गिड़गिड़ाना – गिड़गिड़ाहट
खाँसना – खाँसी बेहोश – बेहोशी मूर्ख – मूर्खता
बुद्धिमान – बुद्धिमानी धीर – धीरता, धैर्य संपन्न – संपन्नता सौम्य – सौम्यता
ख) निम्नलिखित शब्द से विशेषण बनाइए:
1) विकास – विकसित 2) अंत – अंतिम 3) इतिहास – ऐतिहासिक
4) पीड़ा – पीड़ित 5) समय – सामयिक 6) धन – धनी, धनिक
7) सम्मान – सम्मानित, सम्माननीय 8) विज्ञान – वैज्ञानिक 9) चिंता – चिंतित
10) डर – डरपोक, डरावना 11) दुष्टता – दुष्ट 12) खेलना – खिलाड़ी
अतिरिक्त विशेषण:
देस – देसी मेहनत – मेहनती परिचय – परिचित
शहादत – शहीद कुशलता – कुशल कीमत – कीमती
विश्वास – विश्वसनीय विनम्रता – विनम्र विस्मय – विस्मित
ज्ञान – ज्ञानी बाजार – बाजारु तृप्ति –तृप्त
सौंदर्य – सुंदर लाचारी – लाचार सीमा – सीमित
कल्पना – काल्पनिक ग्राम – ग्रामीण स्वर्ण – स्वर्णिम
संस्कृति – सांस्कृतिक केंद्र – केंद्रीय